झारखंड

ब्लिंकिट वेयरहाउस पहुंचे सदर थाना प्रभारी, डिलीवरी बॉय को सड़क सुरक्षा व नशामुक्ति का दिया संदेश

Mohan Rana 22 Jun 2026, 03:31 PM 26 views
ब्लिंकिट वेयरहाउस पहुंचे सदर थाना प्रभारी, डिलीवरी बॉय को सड़क सुरक्षा व नशामुक्ति का दिया संदेश
चेन छीनतई के संदिग्धों की पहचान में पुलिस ने मांगा सहयोग, डायल 112 पर सूचना देने की अपील
हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सदर थाना ने थाना क्षेत्र स्थित ब्लिंकिट के वेयरहाउस का दौरा किया। इस दौरान वेयरहाउस में कार्यरत डिलीवरी बॉय के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने डिलीवरी कर्मियों को वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन संचालन से बचने की सलाह दी। साथ ही उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से डिलीवरी कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर पुलिस द्वारा डिलीवरी बॉय को मादक पदार्थों एवं नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री, सेवन अथवा अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो तत्काल डायल 112 पर सूचना दें, ताकि पुलिस समय पर कार्रवाई कर सके। इसके अतिरिक्त हाल के दिनों में हुई चेन छीनतई की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने डिलीवरी कर्मियों को संदिग्ध अपराधियों के सीसीटीवी फुटेज एवं फोटो दिखाकर उनकी पहचान में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि यदि उक्त संदिग्ध व्यक्ति कहीं दिखाई दें अथवा उनके संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो बिना देर किए डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।