झारखंड

चौपारण में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, नींबू विक्रेता रीतलाल साहु की दर्दनाक मौत

Mohan Rana 26 Jun 2026, 09:15 AM 64 views
चौपारण में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, नींबू विक्रेता रीतलाल साहु की दर्दनाक मौत
साइकिल से नाश्ता करने जा रहे थे रीतलाल साहु, ट्रक का पहिया सिर पर चढ़ा; चालक फरार, इलाके में शोक और आक्रोश
हजारीबाग के चौपारण से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बजरंग टोला निवासी रीतलाल साहु की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रीतलाल साहु रोज की तरह सुबह अपनी साइकिल से नाश्ता करने के लिए निकले थे। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रीतलाल साहु स्थानीय बाजार में नींबू बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मेहनती और मिलनसार स्वभाव के रीतलाल क्षेत्र के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक मेहनतकश परिवार से उसका सहारा छीन लिया है। स्थानीय लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।