झारखंड

एसबीएमसीएच पुलिस पिकेट होगा दुरुस्त, एसपी से मिले रंजन चौधरी

Mohan Rana 18 Aug 2026, 03:39 PM 23 views
एसबीएमसीएच पुलिस पिकेट होगा दुरुस्त, एसपी से मिले रंजन चौधरी
पंचनामा और पुलिस केस की प्रक्रिया में देरी का उठा मुद्दा, एसपी ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
एसबीएमसीएच पुलिस पिकेट दुरुस्त कराने को एसपी से मिले रंजन चौधरी पोस्टमार्टम के पंचनामा और पुलिस केस की प्रक्रिया में देरी से परिजनों को हो रही परेशानी का उठाया मुद्दा हजारीबाग। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसबीएमसीएच) में पुलिस पिकेट की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने की मांग को लेकर सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने हजारीबाग के एसपी अमन कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में आने वाले पुलिस केस से जुड़े मरीजों और मृतकों के परिजनों को होने वाली परेशानियों से एसपी को अवगत कराया। रंजन चौधरी ने विशेष रूप से पोस्टमार्टम के लिए आने वाले शवों का इंक्वेस्ट यानी पंचनामा तैयार करने में होने वाली देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दूसरे थाना क्षेत्रों से शव आने के बाद कई बार संबंधित थाना की पुलिस के पहुंचने का इंतजार करना पड़ता है, जिससे मृतक के परिजनों को अस्पताल में घंटों इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने पुलिस केस से जुड़े मरीजों के बयान दर्ज करने तथा अन्य आवश्यक पुलिस प्रक्रियाओं में होने वाली देरी को भी दूर करने का आग्रह किया। साथ ही अस्पताल पुलिस पिकेट में सक्रिय, संवेदनशील और जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की नियमित ड्यूटी लगाने की मांग की, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को समय पर पुलिस सहायता मिल सके। रंजन चौधरी ने एसपी से अस्पताल परिसर में चोरी, स्नैचिंग और पॉकेटमारी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने, अस्पताल के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने तथा शहर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर नशेड़ियों के जमावड़े के खिलाफ कार्रवाई करने का भी आग्रह किया। एसपी अमन कुमार ने मामले को गंभीर और मानवीय संवेदना से जुड़ा बताते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल पुलिस पिकेट की व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में जल्द विशेष पहल की जाएगी। रंजन चौधरी ने उम्मीद जताई कि पुलिस पिकेट के प्रभावी और संवेदनशील संचालन से एसबीएमसीएच आने वाले मरीजों, मृतकों के परिजनों और आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।