झारखंड
हजारीबाग में गैंग के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, राहुल दुबे–प्रिंस खान गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार
हथियार-बम बरामद… पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, एक आरोपी के पैर में लगी गोली
हजारीबाग में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
बड़कागांव और गिद्दी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे और प्रिंस खान गैंग से जुड़े चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान हथियार और बम भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने प्रिंस खान गैंग के सक्रिय सदस्य अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
मोबाइल की जांच में उसके टेलीग्राम के जरिए प्रिंस खान गैंग और अन्य सदस्यों से संपर्क में होने की बात सामने आई। पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात बड़कागांव के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर हुई गोलीबारी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल और कुणाल कुमार पांडेय को भी गिरफ्तार किया।
इसके बाद पुलिस हथियार और बम बरामद करने के लिए पिपराडीह-चंदौल सड़क किनारे बंद पड़े गैस प्लांट के पास पहुंची। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान अंकित देशी पिस्तौल लेकर भागने लगा और पुलिस बल की ओर फायर कर दिया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंकित के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। मौके से हथियार, बम और आपत्तिजनक पर्चा बरामद किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि करमा कुमार साहु सोशल मीडिया के जरिए राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के संपर्क में रहकर हथियार और बम सप्लाई करता है।
पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर गिद्दी थाना क्षेत्र के साधु कुटिया जंगल से बम और देशी पिस्टल का मैगजीन बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि इन गिरोहों द्वारा व्यापारियों, ठेकेदारों, कोयला कारोबारियों और कोयला कंपनियों में भय का माहौल बनाकर लेवी और रंगदारी वसूलने की कोशिश की जाती थी।
बड़कागांव और गिद्दी पुलिस की इस कार्रवाई को हजारीबाग में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
