झारखंड

हजारीबाग में नशीले कफ सिरप का बड़ा खेल बेनकाब, 40 बोतल सिरप और 80 टैबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार

Mohan Rana 28 Jun 2026, 03:23 PM 36 views
हजारीबाग में नशीले कफ सिरप का बड़ा खेल बेनकाब, 40 बोतल सिरप और 80 टैबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार
"नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, अवैध कफ सिरप और टैबलेट के साथ आरोपी सलाखों के पीछे!"
हजारीबाग में अवैध कफ सिरप और नशीली टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने स्कूटी समेत किया जब्त हजारीबाग। जिले के पेलावल ओपी क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने अवैध कफ सिरप और नशीली टैबलेट की खरीद-बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में कफ सिरप, टैबलेट, एक मोबाइल फोन तथा एक चार पहिया जुपिटर क्लासिक स्कूटी बरामद की गई है। मामले में आरोपी के विरुद्ध ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 27 जून 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि पेलावल ओपी क्षेत्र के शाहीनबाग आंगनबाड़ी केंद्र के समीप कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कफ सिरप और नशीली टैबलेट की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पेलावल ओपी की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक संदिग्ध व्यक्ति चार पहिया स्कूटी के साथ मौजूद मिला। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने स्कूटी से ONEREX Cough Syrup की 100 एमएल क्षमता वाली कुल 40 बोतलें तथा 80 नशीली टैबलेट बरामद की। इसके अलावा आरोपी के पास से एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। बरामद सामान को विधिवत जब्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. असलम (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बागी टोला, पेलावल ओपी थाना क्षेत्र, जिला हजारीबाग का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कटकमसांडी (पेलावल ओपी) थाना कांड संख्या-101/26, दिनांक 27 जून 2026 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 18(सी), 27(बी)(ii) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/22(बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक Jupiter Scooty Classic (रजिस्ट्रेशन संख्या JH02BA-5055) को भी जब्त किया है, जिसका उपयोग कथित रूप से अवैध दवाओं की ढुलाई और बिक्री में किया जा रहा था। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद कफ सिरप और नशीली टैबलेट की आपूर्ति कहां से की जा रही थी तथा इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले के तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व पेलावल ओपी प्रभारी रविंद्र कुमार ने किया। उनके साथ आरक्षी संख्या 1607 रामजान अंसारी तथा चालक हवलदार सलीम अंसारी सहित पुलिस बल के अन्य जवान मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे कारोबारियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त अभियान जारी रहेगा।