झारखंड
हजारीबाग में ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, करोड़ों के ट्रांजैक्शन का खुलासा, एक गिरफ्तार
मोबाइल से खुला ऑनलाइन सट्टे का राज, करोड़ों की लेन-देन का मिला सुराग
हजारीबाग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोर्रा थाना क्षेत्र में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के माध्यम से युवाओं को जोड़कर अवैध कारोबार चला रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी प्रिंस कुमार फरार बताया जा रहा है। आरोपी के पास से दो स्मार्टफोन बरामद किए गए। जांच में मोबाइल फोन में कई ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म और आईडी सक्रिय अवस्था में मिले।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इन आईडी के माध्यम से लगभग तीन से चार करोड़ रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन किए गए हैं। आरोपियों पर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन सट्टेबाजी में शामिल करने और ठगी करने का आरोप है।
इस मामले में कोर्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
हजारीबाग पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
"अपराधियों पर कार्रवाई जारी है, खबरों के लिए जुड़े रहिए..."
