झारखंड
हजारीबाग में स्नैचरों पर पुलिस का शिकंजा, शहरभर में विशेष अभियान शुरू
छिनतई, अड्डेबाज़ी और नशेड़ियों पर सख्त नजर, पुलिस ने बढ़ाई गश्त और चौकसी
हजारीबाग शहर में बढ़ रही छिनतई और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर ने शहर के सभी प्रमुख थाना प्रभारियों, पीसीआर, सैट और ट्रैफिक पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की।
बैठक में शहर में हो रही स्नैचिंग की घटनाओं की रोकथाम, अड्डेबाज़ी करने वालों पर कार्रवाई, नशेड़ियों पर कड़ी निगरानी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि आम लोगों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मिल सके।
