झारखंड
हजारीबाग में दर्दनाक हादसा: डीएवी के नौवीं के छात्र की तालाब में डूबने से मौत
स्कूल जाने निकला था छात्र, जंगल स्थित तालाब में मिला शव; परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग, सांसद मनीष जायसवाल ने जताया शोक।
हजारीबाग से बेहद दुखद खबर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेलवाटांड़ जंगल स्थित भोलुआ पोखर (सिंघानी) में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में डीएवी पब्लिक स्कूल, हजारीबाग के कक्षा 9 के छात्र हिमांशु राज (15 वर्ष) की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हिमांशु सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। बाद में उसका शव भोलुआ पोखर से बरामद हुआ। आशंका है कि वह अपने कुछ मित्रों के साथ तालाब गया था और नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व मुक्ति सेवा संस्थान के सहयोग से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहयोग दिया। सांसद ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और किसी भी लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह हादसा बच्चों की सुरक्षा और खतरनाक जलाशयों के प्रति सतर्कता की आवश्यकता की याद दिलाता है। स्थानीय लोगों ने भी ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।
ईश्वर दिवंगत छात्र हिमांशु राज की आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें। 🙏
