झारखंड

हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता: बाइक लूटकांड का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया हेलमेट बरामद

Mohan Rana 08 Jul 2026, 09:13 AM 34 views
हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता: बाइक लूटकांड का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया हेलमेट बरामद
तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के बाद कटकमसांडी पुलिस ने तीसरे आरोपी को दबोचा, जांच जारी।
हजारीबाग पुलिस की एक और बड़ी कामयाबी कटकमसांडी थाना क्षेत्र में हुए मोटरसाइकिल लूटकांड में पुलिस ने तीसरे आरोपी दीपक कुमार गुप्ता (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में लूटा गया हेलमेट बरामद किया है, साथ ही आरोपी के कब्जे से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। यह मामला 4 जुलाई 2026 को दर्ज हुआ था, जब अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट लिया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस को मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।