झारखंड
हजारीबाग पुलिस का सख्त अभियान: 28 बिना हेलमेट चालकों को चेतावनी, शहर में चला नो-पार्किंग जागरूकता अभियान
“सुरक्षित सफर, जिम्मेदार नागरिक—हेलमेट पहनें, नियमों का करें पालन”
हजारीबाग पुलिस का वाहन चेकिंग व नो-पार्किंग जागरूकता अभियान, 28 बिना हेलमेट चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा
हजारीबाग, 25 मई: पुलिस अधीक्षक हज़ारीबाग पुलिस के निर्देशानुसार सोमवार को शहर में व्यापक वाहन चेकिंग एवं नो-पार्किंग जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुराना समाहरणालय गेट के पास शुरू किया गया, जहां बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में थाना प्रभारी यातायात सहित 5 पुलिस पदाधिकारी और 10 गृहरक्षकों की टीम गठित की गई। वाहन जांच के दौरान 28 बिना हेलमेट वाहन चालकों से शपथ पत्र भरवाया गया और उन्हें चेतावनी देकर छोड़ते हुए भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। साथ ही उनसे अन्य लोगों को भी हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया गया।
इसके अलावा पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर एवं यातायात थाना प्रभारी के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों—इंद्रपुरी चौक, पानी टंकी, पैगोडा चौक, खजांची रोड, छोटी ग्वालटोली, सांसद महोदय मोड़, सुंदरी मार्केट, झंडा चौक एवं पंच मंदिर चौक—पर नो-पार्किंग जागरूकता अभियान चलाया गया। माइक से लोगों को सड़क किनारे निर्धारित व्हाइट लाइन के अंदर ही वाहन खड़ा करने की अपील की गई।
