झारखंड

ईद-उल-अजहा को लेकर हजारीबाग पुलिस अलर्ट, थाना स्तर पर शांति समिति के साथ संयुक्त बैठक

Mohan Rana 26 May 2026, 05:12 PM 17 views
ईद-उल-अजहा को लेकर हजारीबाग पुलिस अलर्ट, थाना स्तर पर शांति समिति के साथ संयुक्त बैठक
पुलिस-प्रशासन की पहल, बकरीद पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की तैयारी
हजारीबाग पुलिस द्वारा बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्र में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी की उपस्थिति में संयुक्त भ्रमण किया तथा स्थानीय मस्जिदों के सदर, सचिव और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान नमाज अदा करने के समय, कुर्बानी के बाद निकलने वाले वेस्ट पार्ट के उचित निस्तारण के तरीके एवं निर्धारित स्थान, नमाज के दौरान पेयजल की उपलब्धता तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। साथ ही सभी संबंधित पक्षों को पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया। हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया कि बकरीद पर्व के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दें।