झारखंड

कटकमसांडी प्लस टू विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को नशा, साइबर अपराध और महिला-बाल सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी

Mohan Rana 22 Jun 2026, 06:54 AM 16 views
कटकमसांडी प्लस टू विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को नशा, साइबर अपराध और महिला-बाल सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी
पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचने और कानूनों की जानकारी रखने का किया आह्वान
कटकमसांडी, प्रतिनिधि। राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय कटकमसांडी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली शारीरिक, मानसिक और सामाजिक हानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन से संबंधित प्रावधानों एवं दंडात्मक कानूनों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना सकती है। छात्रों को इससे दूर रहने, अपने मित्रों एवं परिजनों को भी जागरूक करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति सचेत करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग तथा डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। छात्रों को बताया गया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराकर कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनके संरक्षण से संबंधित कानूनों तथा पीड़ितों को उपलब्ध कानूनी सहायता एवं सुरक्षा उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। विद्यार्थियों को जागरूक, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को छात्रों के सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए आवश्यक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।