झारखंड
कांवड़ियों की सेवा में हजारीबाग के युवाओं की अनोखी पहल
भक्ति के साथ सेवा, चिकित्सा, भोजन और विश्राम का सहारा
सावन की पवित्र बेला में बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर जाने वाले कांवड़ियों की सेवा में हजारीबाग के युवाओं ने सराहनीय पहल की है।
बांका जिले के कटोरिया पंचायत अंतर्गत भैरोपुर गांव में गंगा बचाओ–प्रकृति बचाओ न्यास की ओर से कांवड़िया सेवा शिविर लगाया गया है। इस शिविर में श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चिकित्सा, भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई है।
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के सेवाभावी कार्यों से प्रेरणा लेकर युवाओं की टोली लगातार कांवड़ियों की सेवा में जुटी है। सैकड़ों किलोमीटर की कठिन पदयात्रा के बीच यह शिविर श्रद्धालुओं के लिए राहत और अपनापन का केंद्र बना हुआ है।
सेवा के साथ यहां भक्ति और मनोरंजन का भी संगम देखने को मिल रहा है। कॉकटेल म्यूजिक के प्रसिद्ध गायक ज्ञानदीप द्वारा शिवभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जा रही है, जिससे पूरा शिविर भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।
शिविर में चिकित्सा, भोजन और विश्राम के साथ गंगा बचाओ और प्रकृति बचाओ का संदेश भी दिया जा रहा है। यह सेवा अभियान गुरु पूर्णिमा से शुरू हुआ है और पूरे सावन तथा भादो माह तक जारी रहेगा।
इस पहल में बायो इंजेक्ट हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सुशांत रंजन और रेखा देवी, न्यास के अध्यक्ष मिथलेश पाण्डेय, कोषाध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, सचिव भोला महतो, ज्ञानदीप सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कांवड़ियों की निःस्वार्थ सेवा भारतीय संस्कृति के उस भाव को दर्शाती है, जहां ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ मानी जाती है।
आस्था की इस यात्रा में सेवा का यह संकल्प निश्चित तौर पर समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
जनदर्पण न्यूज़ 24 — खबर वही, जो जनता से जुड़ी हो।
