झारखंड

लोकभवन के पास कांग्रेस का धरना, युवाओं के मुद्दों पर गरजे मुन्ना सिंह

Mohan Rana 21 Jul 2026, 02:56 PM 59 views
लोकभवन के पास कांग्रेस का धरना, युवाओं के मुद्दों पर गरजे मुन्ना सिंह
पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितता और रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह बोले— "देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित"
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा लोकभवन के समीप युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक, मंत्री एवं पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी धरना-प्रदर्शन में भाग लेकर युवाओं के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। धरना-प्रदर्शन में पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर गंभीर चिंता में है। लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण लाखों मेहनती छात्रों के सपनों पर असर पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में NEET, UGC-NET सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और गड़बड़ियों के मामले सामने आए, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ। उनका कहना था कि जब छात्र न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरे तो उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस कार्रवाई की गई। मुन्ना सिंह ने कहा कि युवाओं को पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, समय पर परीक्षा परिणाम और रोजगार के बेहतर अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि आवश्यकता रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र नियुक्ति और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह निष्पक्ष एवं मजबूत बनाने की है। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, पेपर लीक के मामलों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने युवाओं के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने का भी संकल्प लिया।