झारखंड
नावाडीह में आकाशीय बिजली का कहर, बकरी चराने गए 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत
विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नरकी पंचायत स्थित नावाडीह गांव की घटना, परिजनों में मचा कोहराम
विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नरकी पंचायत के नावाडीह गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गोवर्धन उर्फ सोमर महतो (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गोवर्धन महतो रोज की तरह गांव के समीप बकरी चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
