झारखंड
रांची में जोरदार धमाका, कोकर चौक के पास मची अफरा-तफरी
खिड़कियों के शीशे टूटे, इलाके में कंपन महसूस; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की
रांची के कोकर चौक के समीप भारत पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की रात अचानक हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास की कई दुकानों और मकानों की खिड़कियों के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई देने की बात प्रत्यक्षदर्शियों ने कही है।
धमाके के प्रभाव से आसपास की इमारतों में कंपन भी महसूस किया गया। घटना के वक्त बाजार में लोगों की आवाजाही थी, जिसके कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।
फिलहाल धमाका किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती आशंकाओं में सिलिंडर ब्लास्ट, ट्रांसफार्मर में गड़बड़ी या किसी अन्य कारण की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि धमाके से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
📍 कोकर चौक, रांची
🔎 धमाके की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
