झारखंड
सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, भू-माफियाओं में मचा हड़कंप!
भू-माफियाओं में मचा हड़कंप, नोटिस के बाद भी कब्जा नहीं हटाने वालों पर चला बुलडोजर।
कटकमदाग प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटा दिया। अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
प्रशासन के अनुसार, सुल्ताना मौजा, थाना नंबर-91, गैर मजरूआ खास खाता संख्या-112, प्लॉट संख्या-1789 की सरकारी जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायत मिल रही थी। कई बार नोटिस देने और पक्ष रखने का अवसर देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर बुलडोजर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अवैध निर्माण हटाए गए और सरकारी भूमि को प्रशासन ने अपने कब्जे में लिया। कार्रवाई शांतिपूर्ण और विधिसम्मत तरीके से पूरी की गई।
अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान ने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है, वे स्वयं कब्जा हटा लें, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यदि ऐसे अभियान लगातार चलते रहे, तो सरकारी जमीन सुरक्षित रहेगी और विकास कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध हो सकेगी।
📢 जनदर्पण न्यूज़ 24 की अपील:
सरकारी संपत्ति हम सभी की धरोहर है। अवैध कब्जे की जानकारी मिलने पर संबंधित प्रशासन को अवश्य सूचित करें।
