झारखंड
शंकरपुर में छात्रा से झपटमारी के बाद फूटा आक्रोश, नशा माफियाओं पर कार्रवाई की मांग तेज
"नशा पर चोट नहीं, तो अपराध पर रोक नहीं" — हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट ने प्रशासन से मांगी सख्त कार्रवाई
हजारीबाग के श्रीशंकरपुर चौक पर एक छात्रा से मोबाइल झपटमारी की घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटना के बाद हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट ने अपराध और नशे के बढ़ते नेटवर्क के खिलाफ कड़ी आवाज उठाई है। ट्रस्ट का कहना है कि जिले में बढ़ता अवैध नशा कारोबार युवाओं को गलत रास्ते पर धकेल रहा है, जिससे चोरी, झपटमारी और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
ट्रस्ट ने प्रशासन से मांग की है कि नशे के खिलाफ घोषित जीरो टॉलरेंस नीति को सिर्फ कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि जमीनी स्तर पर लगातार छापेमारी, जनजागरूकता अभियान और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट का मानना है कि यदि जिले को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाना है तो नशा तस्करों, झपटमारों और उनके पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना होगा।
साथ ही ट्रस्ट ने छात्रा से झपटे गए मोबाइल की शीघ्र बरामदगी, घटना में शामिल अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
ट्रस्ट ने कहा कि नशामुक्त और अपराधमुक्त हजारीबाग का सपना तभी साकार होगा जब प्रशासन, समाज और आम नागरिक मिलकर इस लड़ाई को निर्णायक रूप से लड़ेंगे।
