झारखंड
दिनदहाड़े महिला के गले से 18 ग्राम सोने की चेन झपटी, बाइक सवार बदमाश फरार
घड़ा खरीदने गई महिला बनी निशाना, 1.80 लाख रुपये मूल्य की चेन लेकर चंपत हुए अपराधी
चतरा शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। शनिवार को शहर के खैनी गोला स्थित कुम्हार टोली में दिनदहाड़े एक महिला के गले से करीब 18 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दो अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुदरी बाजार रामनगर निवासी ममता गुप्ता, पति मनोज कुमार गुप्ता, कुम्हार टोली स्थित एक कुम्हार के घर घड़ा खरीदने गई थीं। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और किसी व्यक्ति के बारे में पूछताछ कर चला गया। महिला को उस समय उसके इरादों पर कोई संदेह नहीं हुआ।
कुछ ही मिनटों बाद वही युवक दोबारा वहां पहुंचा और मौका पाकर महिला के गले से करीब 18 ग्राम वजन की सोने की चेन झपटकर भाग निकला। महिला ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, लेकिन बाहर पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़ा उसका साथी उसका इंतजार कर रहा था। दोनों अपराधी तेजी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि छीनी गई सोने की चेन की अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही छिनतई और चोरी की घटनाओं से आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और शहर में नियमित गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
इस संबंध में सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
