झारखंड
दारू थाना पुलिस की कार्रवाई, 5 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, 50 किलो जावा महुआ नष्ट
गाड़ीसाडम गांव में छापेमारी के बाद ग्रामीणों को किया गया जागरूक, अवैध शराब निर्माण पर कानूनी कार्रवाई की दी गई चेतावनी
हजारीबाग। दारू थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ीसाडम में अवैध महुआ शराब के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बैजनाथ राम के घर से लगभग 5 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। वहीं, शराब निर्माण के लिए तैयार किए गए करीब 50 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
पुलिस द्वारा इस संबंध में सन्हा दर्ज करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। कार्रवाई के उपरांत पुलिस टीम ने गांव के लोगों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया। ग्रामीणों को बताया गया कि अवैध शराब का निर्माण, भंडारण एवं बिक्री कानूनन अपराध है और ऐसे कार्यों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि कानून के प्रति जागरूकता ही ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने का सबसे सशक्त माध्यम है।
